खेल डेस्क. भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी-20 की सीरीज का चौथा मैच सुपर ओवर में जीता। टीम इंडिया लगातार दूसरा मैच सुपर ओवर में जीती। इससे पहले पिछले मैच को भी उसने इसी तरह अपने नाम किया था। भारत ने मैच में पहले 165 रन बनाए। न्यूजीलैंड की टीम भी 20 ओवर में 165 रन बना सकी। उसे आखिरी ओवर में जीत के लिए 7 रन बनाने थे, लेकिन शार्दुल ठाकुर ने सिर्फ 6 रन दिए।
सुपर ओवर में भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने गेंदबाजी की। उन्होंने कॉलिन मुनरो और टिम शिफर्ट को सिर्फ 13 रन ही बनाने दिया। भारत के लिए कप्तान विराट कोहली और लोकेश राहुल बल्लेबाजी के लिए उतरे। राहुल एक छक्का और एक चौका लगाने के बाद आउट हो गए। इसके बाद कोहली ने सैमसन के साथ मिलकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
अंतिम ओवर का रोमांच, शार्दुल ने 7 रन नहीं बनने दिए
| गेंद | क्या हुआ |
| 1 | टेलर कैच आउट |
| 2 | मिशेल ने चौका लगाया |
| 3 | शिफर्ट रन आउट |
| 4 | सेंटनर ने 1 रन लिया |
| 5 | मिशेल कैच आउट |
| 6 | सेंटनर रन आउट और 1 रन |
भारत के लिए बुमराह ने सुपर ओवर में गेंदबाजी की
| गेंद | क्या हुआ |
| 1 | शिफर्ट ने 1 रन लिया |
| 2 | शिफर्ट ने चौका मारा |
| 3 | शिफर्ट ने 2 रन लिए |
| 4 | शिफर्ट आउट |
| 5 | मुनरो ने चौका मारा |
| 6 | मुनरो आउट |
न्यूजीलैंड के लिए साउदी ने ओवर किया
| गेंद | क्या हुआ |
| 1 | राहुल ने छक्का लगाया |
| 2 | राहुल ने चौका लगाया |
| 3 | राहुल कैच आउट |
| 4 | कोहली ने 2 रन लिए |
| 5 | कोहली ने चौका लगाया |
साउदी ने छठी बार सुपर ओवर में गेंदबाजी की, 5 बार हारे
टिम साउदी ने न्यूजीलैंड के लिए छठी बार सुपर ओवर में गेंदबाजी की। वे पहली बार 2010 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम जीत दिला सके थे। इसके बाद 2012 में श्रीलंका और वेस्टइंडीज, 2019 में इंग्लैंड और 2020 में भारत के खिलाफ दो बार उनकी टीम हार गई।
न्यूजीलैंड ने सुपर ओवर में सिर्फ ऑस्ट्रेलिया को हराया
| मैच | किसके खिलाफ | कब | कहां | नतीजा |
| टी-20 | भारत | 2020 | वेलिंगटन | हार |
| टी-20 | भारत | 2020 | हैमिल्टन | हार |
| टी-20 | इंग्लैंड | 2019 | ऑकलैंड | हार |
| वनडे | इंग्लैंड | 2019 | लॉर्ड | हार |
| टी-20 | वेस्टइंडीज | 2012 | पल्लेकेले | हार |
| टी-20 | श्रीलंका | 2012 | पल्लेकेले | हार |
| टी-20 | ऑस्ट्रेलिया | 2010 | क्राइस्टचर्च | जीत |
| टी-20 | वेस्टइंडीज | 2008 | ऑकलैंड | हार |
मुनरो-शिफर्ट के अर्धशतक के बावजूद न्यूजीलैंड नहीं जीता
इससे पहले न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो 64 रन बनाकर आउट हुए। कोहली ने उन्हें रनआउट किया। मुनरो ने करियर का चौथा अर्धशतक लगाया। मार्टिन गुप्टिल 4 रन बनाकर आउट हो गए। बुमराह की गेंद पर राहुल ने उनका कैच लिया। टॉम ब्रूस (0) को चहल ने बोल्ड किया। भारत के लिए मनीष पांडेय ने नाबाद 50 रन बनाए। उन्होंने 2 साल बाद टी-20 में अर्धशतक लगाया। यह उनके करियर का तीसरा अर्धशतक है। लोकेश राहुल ने 39 और शार्दुल ठाकुर ने 20 रनों का योगदान दिया।
कोहली 11 और अय्यर 1 रन बनाकर आउट
विराट कोहली 11 रन बनाकर आउट हुए। बेनेट की गेंद पर सेंटनर ने उनका कैच लिया। श्रेयस अय्यर एक रन बनाकर ईश सोढ़ी की गेंद पर आउट हुए। न्यूजीलैंड के लिए ईश सोढ़ी ने 3 और हामिश बेनेट ने 2 विकेट अपने नाम किए। इससे पहले संजू सैमसन 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। स्कॉट कुगलिन की गेंद पर सेंटनर ने उनका कैच लिया। उन्होंने एक छक्का लगाया। सैमसन को श्रीलंका के खिलाफ 10 जनवरी को मौका दिया गया था। तब वे 6 रन बनाकर ही आउट हो गए थे। शिवम दुबे (12) को ईश सोढ़ी ने टॉम ब्रूस के हाथों कैच कराया। वॉशिंगटन सुंदर (0) को सेंटनर ने बोल्ड किया।